महिला की हत्या कर शव के टुकड़े करने वाला आरोपित 14 घंटे में गिरफ्तार

जौनपुर। उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले में महिला की हत्या कर शव के टुकड़े कर अलग-अलग स्थानों पर फेंकने की सनसनीखेज वारदात का पुलिस ने 14 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। मड़ियाहूं कोतवाली पुलिस ने रविवार देर रात पुलिस मुठभेड़ के दौरान मुख्य आरोपित हेमल खखरिया उर्फ दिलीप (42) को गिरफ्तार कर लिया। जवाबी कार्रवाई में आरोपित के दाहिने पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया।

मोबाइल चैट को लेकर हुआ था विवाद

क्षेत्राधिकारी मड़ियाहूं विजय चौधरी ने सोमवार को बताया कि रविवार को रानीपुर बाईपास के पास झाड़ियों में एक अज्ञात महिला का क्षत-विक्षत शव मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की। मुखबिर की सूचना पर रामनगर ब्लॉक गेट के पास घेराबंदी की गई। खुद को घिरता देख आरोपित ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस की जवाबी कार्रवाई में वह घायल हो गया और गिरफ्तार कर लिया गया।

पूछताछ में आरोपित ने बताया कि वह 4 जुलाई को मृतका रेशमा खां उर्फ सना को बाबतपुर (वाराणसी) से अपने किराये के कमरे पर लेकर आया था। मोबाइल चैट को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ। इसके बाद उसने सोते समय चाकू से गला रेतकर उसकी हत्या कर दी।

शव के किए तीन टुकड़े, हथियार बरामद

पुलिस के अनुसार, पहचान छिपाने और शव ठिकाने लगाने के उद्देश्य से आरोपित ने गड़ासे से शव के हाथ-पैर काटकर उसे तीन हिस्सों में बांट दिया। धड़ को रानीपुर बाईपास के पास फेंक दिया, जबकि अन्य अंग रामनगर ब्लॉक मोड़ के आगे पुलिया के पास फेंक दिए।

आरोपित की निशानदेही पर पुलिस ने शव के अन्य अंग, हत्या में प्रयुक्त चाकू और गड़ासा, .32 बोर की पिस्टल, कारतूस, मोबाइल फोन तथा मोटरसाइकिल बरामद कर ली है। पुलिस ने आरोपित के खिलाफ हत्या, साक्ष्य मिटाने, पुलिस पर फायरिंग और आर्म्स एक्ट समेत विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *