जेपीएससी सहायक वन संरक्षक मुख्य परीक्षा परिणाम जारी, 368 अभ्यर्थी सफल

रांची। झारखंड लोक सेवा आयोग (जेपीएससी) ने सहायक वन संरक्षक (एसीएफ) के 78 पदों पर नियुक्ति के लिए आयोजित मुख्य परीक्षा का परिणाम जारी कर दिया है। मुख्य परीक्षा में 368 अभ्यर्थियों को सफल घोषित किया गया है। अब ये सभी अभ्यर्थी अगले चरण के शारीरिक परीक्षण में शामिल होंगे।

28 और 29 जुलाई को होगा शारीरिक परीक्षण

आयोग के अनुसार सफल अभ्यर्थियों का शारीरिक परीक्षण 28 और 29 जुलाई 2026 को आयोजित किया जाएगा। इसके बाद चयन प्रक्रिया के तहत साक्षात्कार और चिकित्सीय परीक्षण होगा। सभी चरण पूरे होने के बाद अंतिम परिणाम जारी किया जाएगा।

अप्रैल में हुई थी मुख्य परीक्षा

मुख्य परीक्षा का आयोजन 4 से 12 अप्रैल 2026 तक किया गया था। इसमें प्रारंभिक परीक्षा में सफल 1,110 अभ्यर्थियों ने हिस्सा लिया था। इससे पहले 13 जुलाई 2025 को आयोजित प्रारंभिक परीक्षा में 34 परीक्षा केंद्रों पर करीब 16 हजार अभ्यर्थी शामिल हुए थे।

प्रारंभिक परीक्षा के बाद आयोग ने 25 जुलाई 2025 को मॉडल उत्तर जारी किया था। इसके बाद आपत्तियों के आधार पर 26 अगस्त, 13 अक्तूबर, 12 नवंबर और 25 नवंबर 2025 को संशोधित मॉडल उत्तर प्रकाशित किए गए। प्रारंभिक परीक्षा का परिणाम 9 दिसंबर 2025 को घोषित किया गया था।

78 पदों पर होगी नियुक्ति

इस भर्ती अभियान के तहत कुल 78 पदों पर नियुक्ति की जाएगी। इनमें अनारक्षित वर्ग के 32, अनुसूचित जाति के 8, अनुसूचित जनजाति के 20, पिछड़ा वर्ग-1 के 6, पिछड़ा वर्ग-2 के 5 तथा आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (ईडब्ल्यूएस) के 7 पद शामिल हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *