पश्चिमी सिंहभूम। मनोहरपुर रेलवे स्टेशन पर रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) की सतर्कता से घर से भागकर ओडिशा के संबलपुर जाने की तैयारी कर रहे एक नाबालिग प्रेमी युगल को सकुशल बरामद किया गया। प्रारंभिक जांच में पता चला कि दोनों की दोस्ती इंस्टाग्राम के माध्यम से हुई थी, जो बाद में प्रेम संबंध में बदल गई। दोनों परिवार को बिना बताए साथ रहने के उद्देश्य से संबलपुर जाने पहुंचे थे।
गश्त के दौरान हुई पहचान
आरपीएफ प्रभारी रविंद्र कुमार पांडेय के नेतृत्व में रविवार शाम प्लेटफॉर्म संख्या-1 पर नियमित गश्त के दौरान टीम की नजर संदिग्ध स्थिति में बैठे एक किशोर और किशोरी पर पड़ी। पूछताछ में दोनों ने अपना परिचय मनोहरपुर और गोईलकेरा थाना क्षेत्र के निवासी के रूप में दिया। दस्तावेजों की जांच में दोनों के नाबालिग होने की पुष्टि हुई।
इंस्टाग्राम से शुरू हुई थी दोस्ती
पूछताछ में दोनों ने बताया कि कुछ महीने पहले इंस्टाग्राम पर उनकी बातचीत शुरू हुई थी। बाद में मनोहरपुर के साप्ताहिक बाजार में पहली मुलाकात हुई और लगातार संपर्क में रहने के दौरान दोनों के बीच प्रेम संबंध बन गया। इसके बाद दोनों ने घर छोड़कर संबलपुर में नई जिंदगी शुरू करने की योजना बनाई थी।
परिजनों को सौंपा गया मामला
मामले की गंभीरता को देखते हुए आरपीएफ ने दोनों को संरक्षण में लेकर उनके परिजनों को सूचना दी। सोमवार को चाइल्ड लाइन और जिला बाल संरक्षण पदाधिकारी की मौजूदगी में आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की गई। इसके बाद नाबालिग लड़की को उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया, जबकि नाबालिग लड़के को काउंसलिंग और आगे की वैधानिक प्रक्रिया के लिए चाइल्ड लाइन को सौंप दिया गया।
