कोलकाता। बंगाल की खाड़ी में बना निम्न दबाव का क्षेत्र गहरे निम्न दबाव में बदलने के बाद दक्षिण बंगाल में भारी बारिश का दौर शुरू हो गया है। रविवार रात से लगातार हो रही वर्षा के कारण कोलकाता सहित कई जिलों में जलभराव की स्थिति बन गई है। मौसम विभाग ने सोमवार को भी दक्षिण बंगाल के कई हिस्सों में भारी से अत्यधिक भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। पूरे सप्ताह वर्षा जारी रहने की संभावना है।
कोलकाता में जलभराव, यातायात प्रभावित
मौसम विभाग के अनुसार, सोमवार दोपहर के बाद गहरा निम्न दबाव ओडिशा और पश्चिम बंगाल के तटीय क्षेत्रों से होकर आगे बढ़ेगा। इसके प्रभाव से समुद्र में ऊंची लहरें उठने और समुद्र के उग्र रहने की आशंका है। इसे देखते हुए मछुआरों को अगले आदेश तक समुद्र में नहीं जाने की सलाह दी गई है।
सोमवार सुबह से कोलकाता में घने बादल छाए रहे और लगातार तेज बारिश होती रही। कई इलाकों में जलभराव हो गया, जबकि तेज हवाओं के कारण कई स्थानों पर पेड़ गिरने की घटनाएं भी सामने आईं। खराब मौसम और जलभराव के चलते शहर की प्रमुख सड़कों पर यातायात प्रभावित रहा और वाहनों की रफ्तार धीमी पड़ गई।
तापमान में आई गिरावट
सोमवार को कोलकाता का न्यूनतम तापमान 26.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 0.8 डिग्री कम रहा। वहीं अधिकतम तापमान 30.0 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है, जो सामान्य से 2.5 डिग्री कम है।
दक्षिण और उत्तर बंगाल के लिए अलर्ट
मौसम विभाग ने दक्षिण बंगाल के पुरुलिया, पश्चिम बर्दवान, बीरभूम और मुर्शिदाबाद जिलों में भारी वर्षा की चेतावनी जारी की है। तटीय जिलों में भी तेज हवाओं और भारी बारिश को देखते हुए विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है।
उत्तर बंगाल में भी सोमवार से वर्षा की गतिविधियां तेज होने की संभावना है। जलपाईगुड़ी और आसपास के क्षेत्रों के लिए विशेष वर्षा चेतावनी जारी की गई है। विभाग के अनुसार मंगलवार से उत्तर दिनाजपुर, दक्षिण दिनाजपुर, दार्जिलिंग, जलपाईगुड़ी और अलीपुरद्वार जिलों में गरज-चमक के साथ भारी बारिश होने की संभावना है।
