नई दिल्ली। मेजर लीग क्रिकेट (एमएलसी) 2026 में श्रीलंका के हरफनमौला खिलाड़ी दासुन शनाका ने आखिरी ओवर में इतिहास रच दिया। सिएटल ऑर्कस की ओर से खेलते हुए उन्होंने टेक्सास सुपर किंग्स के खिलाफ अंतिम ओवर की लगातार चार गेंदों पर चार विकेट चटकाकर अपनी टीम को 9 रन से अविश्वसनीय जीत दिला दी।
आखिरी ओवर में पलटा पूरा मैच
122 रन के लक्ष्य का पीछा कर रही टेक्सास सुपर किंग्स को अंतिम ओवर में जीत के लिए 15 रन चाहिए थे। क्रीज पर डोनोवन फरेरा और शुभम रंजने मौजूद थे। ओवर की पहली ही गेंद पर शुभम ने चौका लगाकर मुकाबला पूरी तरह टेक्सास के पक्ष में कर दिया। इसके बाद समीकरण 5 गेंदों में 11 रन का रह गया।
हालांकि, यहीं से दासुन शनाका ने शानदार वापसी की। उन्होंने लगातार चार गेंदों पर चार बल्लेबाजों को आउट कर मैच का रुख पूरी तरह बदल दिया।
लगातार चार गेंदों पर चार विकेट
शनाका ने ओवर की तीसरी गेंद पर डोनोवन फरेरा को धीमी गेंद पर आउट किया। अगली गेंद पर केल्विन सैवेज कैच थमा बैठे। इसके बाद एडम मिल्ने तीसरी विकेट बने और शनाका की हैट्रिक पूरी हुई। अंतिम गेंद पर अमशी डी सिल्वा भी कैच आउट हो गए। इस तरह शनाका ने लगातार चार गेंदों पर चार विकेट लेकर दुर्लभ उपलब्धि अपने नाम कर ली।
107/5 से 112 पर सिमटी टेक्सास
आखिरी ओवर में पहली गेंद पर चौका लगाने के बाद टेक्सास सुपर किंग्स की टीम शेष पांच गेंदों में एक भी रन नहीं बना सकी। टीम 107/5 से सीधे 112 रन पर ऑलआउट हो गई। सिएटल ऑर्कस ने यह मुकाबला 9 रन से जीतकर मेजर लीग क्रिकेट के इतिहास की सबसे यादगार जीतों में अपना नाम दर्ज करा लिया।
