रांची। झारखंड सरकार की मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना के तहत रांची जिले की 3.66 लाख से अधिक महिलाओं के बैंक खातों में अप्रैल से जून 2026 तक की सम्मान राशि एकमुश्त हस्तांतरित कर दी गई है। आधार आधारित प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (डीबीटी) के माध्यम से 3,66,664 लाभुक महिलाओं को 7,500 रुपये प्रति लाभुक की दर से कुल 274.99 करोड़ रुपये भेजे गए हैं।
अधिकांश प्रखंडों की महिलाओं को मिला लाभ
जिला प्रशासन के अनुसार, जिले के लगभग सभी प्रखंडों और शहरी क्षेत्रों की पात्र महिलाओं तक योजना का लाभ पहुंच चुका है। लाभुकों की संख्या के मामले में कांके प्रखंड सबसे आगे रहा, जहां 31,094 महिलाओं के खातों में राशि भेजी गई। इसके अलावा टाउन शहरी क्षेत्र में 25,006, मांडर में 22,885, सिल्ली में 21,031, बेड़ो में 20,519, चान्हो में 19,299, रातू में 18,500, तमाड़ में 18,411 और ओरमांझी में 17,824 महिलाओं को योजना का लाभ मिला। नामकुम, नगड़ी, बुढ़मू, अनगड़ा, सोनाहातू, अरगोड़ा, हेहल, खलारी, लापुंग और राहे सहित अन्य क्षेत्रों की हजारों महिलाओं के खातों में भी सम्मान राशि पहुंच चुकी है।
बड़गाईं और इटकी में भुगतान प्रक्रियाधीन
जिला प्रशासन ने बताया कि बड़गाईं अंचल और इटकी प्रखंड के पात्र लाभुकों का भुगतान अभी प्रक्रियाधीन है। आवश्यक औपचारिकताएं पूरी होने के बाद शेष महिलाओं के खातों में भी राशि जल्द हस्तांतरित कर दी जाएगी।
लंबित भुगतान जल्द पूरा करने के निर्देश
उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री ने कहा कि मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना महिलाओं के सामाजिक और आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में राज्य सरकार की महत्वपूर्ण पहल है। इससे महिलाओं को आर्थिक सुरक्षा मिलने के साथ दैनिक जरूरतों को पूरा करने में सहायता मिलेगी। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि जिन क्षेत्रों में भुगतान लंबित है, वहां सभी पात्र महिलाओं को शीघ्र योजना का लाभ सुनिश्चित किया जाए।
