रामगढ़। रामगढ़ जिले के भुरकुंडा थाना क्षेत्र में पुलिस ने अवैध हथियार निर्माण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक कथित मिनी गन फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है। छापेमारी के दौरान पुलिस ने तीन अर्धनिर्मित पिस्तौल, हथियार बनाने के उपकरण और अन्य सामग्री बरामद की है। मामले में एक दंपती को गिरफ्तार किया गया है।
गुप्त सूचना पर हुई कार्रवाई
पुलिस को सूचना मिली थी कि केके कोलियरी (दत्तो कोलियरी) स्थित पंचायत भवन के पीछे दिनेश विश्वकर्मा के घर में अवैध रूप से हथियार तैयार किए जा रहे हैं। सूचना के आधार पर भुरकुंडा थाना पुलिस ने छापेमारी की, जहां से बड़ी मात्रा में हथियार निर्माण में इस्तेमाल होने वाले उपकरण बरामद किए गए।
पुलिस ने दिनेश विश्वकर्मा और उनकी पत्नी नूतन देवी को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान तीन अर्धनिर्मित पिस्तौल, नौ मैगजीन स्प्रिंग, लेथ मशीन, वेल्डिंग मशीन तथा हथियार बनाने में प्रयुक्त अन्य उपकरण जब्त किए गए। बरामद पिस्तौलों पर ‘मेड इन जापान’ अंकित मिला है, जिसकी भी जांच की जा रही है।
नेटवर्क की जांच में जुटी पुलिस
पुलिस ने सौंदा क्षेत्र से दिनेश विश्वकर्मा के भाई अनिल विश्वकर्मा को भी पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि अवैध हथियार निर्माण के इस नेटवर्क से और कौन-कौन लोग जुड़े हैं तथा तैयार हथियारों की आपूर्ति किन इलाकों में की जाती थी।
स्थानीय निवासी फुलेंद्र सिंह ने बताया कि पुलिस ने घर से कई अर्धनिर्मित पिस्तौल और हथियार बनाने का सामान बरामद किया है। उन्होंने बताया कि आरोपी परिवार करीब दस वर्षों से क्षेत्र में रह रहा था और लोहार का काम करता था।
फोरेंसिक जांच कराएगी पुलिस
रामगढ़ के पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुनायत ने बताया कि भुरकुंडा थाना क्षेत्र में की गई छापेमारी में अर्धनिर्मित पिस्तौल बरामद हुए हैं और कुछ लोगों को हिरासत में लिया गया है।
वहीं भुरकुंडा थाना प्रभारी उपेंद्र कुमार ने बताया कि गिरफ्तार दंपती मूल रूप से बिहार के नवादा जिले के लेसरीगंज के रहने वाले हैं। बरामद हथियारों और उपकरणों की फोरेंसिक जांच कराई जाएगी। साथ ही अवैध हथियार निर्माण गिरोह के पूरे नेटवर्क की गहन जांच जारी है।
