गडकरी ने मल्टी मॉडल लॉजिस्टिक्स पार्क व रोपवे परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा

नई दिल्ली। केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने सोमवार को राष्ट्रीय राजमार्ग लॉजिस्टिक्स प्रबंधन लिमिटेड (एनएचएलएमएल) की समीक्षा बैठक में देशभर में विकसित किए जा रहे मल्टी मॉडल लॉजिस्टिक्स पार्क (एमएमएलपी), रोपवे, इंटरमॉडल स्टेशन और वे-साइड सुविधाओं की परियोजनाओं की प्रगति का आकलन किया। उन्होंने इन परियोजनाओं को भविष्य के लिए तैयार एकीकृत परिवहन तंत्र का आधार बताते हुए समयबद्ध क्रियान्वयन पर जोर दिया।

परिवहन नेटवर्क को मिलेगी नई मजबूती

बैठक में गडकरी ने कहा कि ये परिवर्तनकारी परियोजनाएं देश में बहु-माध्यमीय संपर्क व्यवस्था को मजबूत करेंगी, नए आर्थिक अवसर पैदा करेंगी, संतुलित क्षेत्रीय विकास को बढ़ावा देंगी और भारत की लॉजिस्टिक्स प्रतिस्पर्धात्मकता को नई मजबूती देंगी। उन्होंने कहा कि आधुनिक और एकीकृत परिवहन नेटवर्क विकसित भारत के निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

उन्होंने कहा कि परियोजनाओं के समय पर पूरा होने से माल परिवहन की लागत घटेगी, लॉजिस्टिक्स क्षेत्र की दक्षता बढ़ेगी और यात्रियों को विश्वस्तरीय सुविधाएं उपलब्ध होंगी। यह पहल आत्मनिर्भर भारत और विकसित भारत के लक्ष्य को साकार करने में अहम भूमिका निभाएगी।

लंबित मामलों के शीघ्र समाधान के निर्देश

गडकरी ने विभिन्न परियोजनाओं के कार्यान्वयन में आ रही चुनौतियों और बाधाओं की भी समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को लंबित मुद्दों का प्राथमिकता के आधार पर समाधान करने तथा सभी परियोजनाओं के निष्पादन में तेजी लाने के निर्देश दिए, ताकि निर्धारित समयसीमा के भीतर कार्य पूरे किए जा सकें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *