जमशेदपुर ट्रैफिक विभाग में बड़ा फेरबदल, एसएसपी ने 43 पुलिस पदाधिकारियों का किया तबादला

जमशेदपुर। पूर्वी सिंहभूम के वरीय पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) डॉ. एहतेशाम वकारिब ने सोमवार को ट्रैफिक शाखा में तैनात 43 पुलिस पदाधिकारियों का तबादला कर दिया। जारी आदेश के तहत अधिकारियों को शहर और ग्रामीण क्षेत्र के विभिन्न थानों, सीसीआर साकची तथा पुलिस केंद्र गोलमुरी में नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।

प्रशासनिक जरूरत के तहत हुआ फेरबदल

पुलिस विभाग के अनुसार यह स्थानांतरण प्रशासनिक आवश्यकता के अनुरूप किया गया है। इसका उद्देश्य थानों में पुलिस बल को मजबूत करना, अपराध नियंत्रण को अधिक प्रभावी बनाना तथा आम लोगों को बेहतर और त्वरित पुलिस सेवा उपलब्ध कराना है।

कई थानों में नई तैनाती

आदेश के अनुसार पुलिस अवर निरीक्षक कामाख्या पासवान को यातायात थाना साकची से टेल्को थाना, रमेश कुमार पाण्डेय को कागलपुर थाना, अरविंद राय को घाटशिला थाना तथा चेंगो राम पिंगुआ को सुंदरनगर थाना भेजा गया है। बाबूराम सिंह को पुलिस केंद्र गोलमुरी में पदस्थापित किया गया है।

इसके अलावा सहायक अवर निरीक्षक और अन्य पुलिस पदाधिकारियों को पटमदा, गालूडीह, घाटशिला, कोवाली, पोटका, गोविंदपुर, साकची, जुगसलाई, आजादनगर, श्यामसुंदरपुर, बिष्टुपुर, गुड़ाबांदा, मुसाबनी, कमलपुर, डुमरिया समेत विभिन्न थानों और सीसीआर साकची में नई जिम्मेदारियां दी गई हैं।

तत्काल योगदान देने का निर्देश

एसएसपी कार्यालय की ओर से जारी आदेश में सभी स्थानांतरित पुलिस पदाधिकारियों को अविलंब अपने नए पदस्थापन स्थल पर योगदान देने का निर्देश दिया गया है। विभाग का कहना है कि इस फेरबदल से पुलिसिंग व्यवस्था और कानून-व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *